Thursday, June 23, 2011

"यात्रा वृत"


आजकल कानपुर की तपती गर्मी से दूर बैंगलुरू में अच्छे मौसम का आनंद ले रहा हूँ. पिछले दिनों की ऐसी ढेर सारी बातें हैं जो आप सब तक पहुंचानी है. असमंजस की स्थिति में हूँ की कहा से शुरू करूँ और कहा तक करूँ. सब कुछ लिखना शुरू करूँ तो पोस्ट बहुत लम्बी हो जाएगी और यदि नहीं लिखा तो ऐसा लगेगा की ये तो बताया ही नहीं.चलिए संक्षेप में सब कुछ बताते चलता हूँ.
इस बीच  जैसे ही परीक्षाएं ख़त्म हुईं ट्रेनिंग के लिए बैंगलोर आने की तैयारियां शुरू हो गईं. इलेक्ट्रोनिक तथा रडार अनुसन्धान संस्थान, LRDE (DRDO) में ट्रेनिंग के लिए कॉल लेटर पहले ही आ चुका था. संस्थान के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट की मांग की गई थी. और फिर इसे बनवाने के दौरान पुलिस महकमे की सच को नजदीक से जानने का मौका मिला,जिससे की येन केन प्रकारेण आप सब वाकिफ ही होंगे. लेकिन आपको यह तो बताता ही चलूँ की अबतक के जीवन में पहली बार सुविधा शुल्क देते हुए कुछ अजीब सा लगा. लेकिन इसके आलावा मेरे पास कुछ विकल्प भी नहीं था. आपको यह भी बताता चलूँ की उचित जगह पे उचित सुविधा शुल्क नहीं देने की वजह से मेरे एक साथी का सर्टिफिकेट अब तक नहीं बन पाया है. हालाँकि वो तो जल्द ही इसे जमा करने की अर्जी देकर हमलोगों के साथ ट्रेनिंग करने आ गया है परन्तु पिताजी प्रतिदिन दफ्तर में उपस्थिति दर्ज करते हैं.पूछे जाने पर एक सीधा सा उत्तर ये मिलता है कि... 
-आज तो साहब बैठे ही नहीं या फिर आज बहुत काम था इसलिए हो नहीं पाया.
 खैर यात्रा के अन्य पहलुओं पर भी नजर डालते हैं. मेरे साथ एक और नई बात ये थी कि पहली बार इतने लम्बे सफ़र पे निकला था. इसके लिए उत्सुकता भी बहुत दिनों से थी और यात्रा मजेदार भी रही. विभिन्न स्टेशनों पे उतरना फोटोग्राफ्स लेना और फिर यहाँ मिलने वाले  अलग-अलग भाषाओँ  को जानने वाले लोगों के साथ बातचित करने की कोशिश सबकुछ अविस्मर्णीय रहा. इस दौरान की कुछ फोटोग्राफ्स भी पोस्ट कर रहा हूँ आप खुद ही देख लीजिये. बैंगलुरू स्टेशन पर पहुँचने के बाद पता चला की हमे यहाँ आने के बाद जिनसे मिलना था वो तो घर पे हैं. फिर तो हम चारो ( मै पवन, यश, आयुष और राकेश जिसे की हम लोगों ने नामों के पहले अक्षरों  को मिलाकर ग्रुप प्यार नाम दे रखा है)  हिंदी भाषियों के लिए यहाँ के बारे में जानने और समझने के लिए थोड़ी बहुत अंग्रेजी बोलना आना ही एक मात्र साधन समझ आया. और फिर  स्टेशन से बाहर निकलने के बाद टैक्सी   चालको ने अपने बातचीत से इस बात की पुष्टि भी कर दी. 

                                                                        पिछले एक सप्ताह में यहाँ के बारे में बहुत कुछ जानने और समझने का मौका मिला. यहाँ पहुँचने वाले दिन पूरे दिन की दौड़ भाग के बाद संस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराया,रहने के लिए पेइंग गेस्ट की खोज की और फिर अपनी आवश्यकता के कुछ स्थानों के बारे में जानकारी एकत्रित किया. इन सबमे " ग्रुप प्यार " का सम्मिलित प्रयास रहा. ३६ घंटे की यात्रा और फिर पूरे दिन के भाग दौड़ के बाद हम लोग अब एक दूसरे से बात चीत करने के मूड में भी नहीं थे. शाम को लगभग ८ बजे सोने के बाद हम लोग सुबह ८ बजे तक जगने की स्थिति में आ सके. फिर DRDO में शनिवार और रविवार की छुट्टी ने यहाँ के बारे में जानने और समझने का अच्छा अवसर दे दिया. अल्सुर लेक, शिव मंदिर, नेशनल पार्क, चिन्नास्वामी स्टेडियम, आई,आई.एम बैंगलुरू और फिर आते जाते रास्ते में मिलने वाले विभिन्न स्थानों को देखा और फोटोग्राफ्स लिए. कुछ फोटोग्राफ्स तो आज पोस्ट कर रहा हूँ और कुछ को अगली पोस्ट में स्थान दूंगा. 
कानपुर की गर्मी से दूर यहाँ का सदा एक सा बना रहने वाला तापमान यहाँ सबसे अच्छा लगा. साथ ही सफाई और पेड़ पौधों से सजा हरा-भरा शहर सुखद अनुभूति दे रहा है. आजकल आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादल प्रतिदिन थोड़ी वर्षा कर जाते है जो कि यहाँ के वातावरण को कुछ और ही खुशनुमा बना जाते हैं. आते जाते यह बात समझ आ गई है कि हिन्दी आते हुए भी कन्नड़ बोलना यहाँ के टैक्सी चालकों का पैसा बनाने का एक तरीका है. और यही वजह है की हम लोग अब टैक्सी करने से परहेज करने लगे हैं. करते भी हैं तो ऐसी जगह की जहाँ की दूरी और किराए की पूरी जानकारी है. यह सच है कि यहाँ कन्नड़ बोलने वाले बहुसंख्यक हैं परन्तु हिन्दी बोलने और समझने वालों की कमी भी नहीं है.अब सुबह ८.३० से शाम ४.३० तक के ट्रेनिंग के बाद ब्लॉगिंग के लिए अच्छा खासा समय मिल जाया करेगा. अतः शेष बातें अगली पोस्टों के माध्यम से पहुँचाता रहूँगा. आज के लिए बस इतना ही....



View album
धन्यवाद" 

Saturday, April 23, 2011

"जिम्मेदारियों का समुचित निर्वाह करे मीडिया"


कारण चाहे जो भी कहें जैसे देश और समाज के बारे में जानने की इच्छा या फिर व्यक्तिगत जानकारी बढ़ाने की इच्छा,दैनिक समाचार पत्रों पर एक नजर दौड़ा लेने की बहुत पुरानी आदत है. पिछले दिनों अन्ना हजारे और उनके समर्थित लोगों की सफलता से बहुत खुश हुआ. पढ़कर,सुनकर ऐसा लगा की जनतंत्र ने वास्तविक अर्थों में खुद को परिभाषित कर दिया. निःसंदेह इन लोगों को पूरे देश का समर्थन मिला. पर आज कल इन बातों को ले कर जो हो हल्ला मचा हुआ है उसे पढ़कर और सुनकर थोड़ी निराशा होती है.
जन लोकपाल विधेयक के समर्थन में सामने आये लोगों पर बेशर्मी से कीचड़ उछालने की प्रक्रिया चल रही है. कभी परिवार ,कभी संपत्ति,कभी उनके पिछले दिनों का इतिहास और फिर हद तो तब हो गई जब उनकी जाति को लेकर भी सवाल उठाये जाने लगे. ये लोग जाति,धर्म,संप्रदाय से ऊपर उठकर देश हित की बात कर रहे हैं,ऐसे में कुछ इस तरह की बात करना मेरी समझ से परे है. राजनीतिक पार्टियों ने अपने में से कुछ लोगों के इनके टांग खिचाई का जिम्मा भी दे रखा है और वे भी बेशर्मी की हद पार कर ऐसा करने में लगे हुए हैं. इनमे से कुछ लोग ये आरोप लगा रहे हैं कि अमुक व्यक्ति भ्रष्टाचार पर नियंत्रण कर पाने में अक्षम रहा. देश की सर्वोच्च संस्था के इन सदस्य महोदय से मै ये पूछना चाहूँगा की इन्होने इसे रोकने के लिए क्या किया? बल्कि ये जानकर ज्यादा ख़ुशी होती कि ईमानदारी पूर्वक यह बताते कि खुद ही कितनी बार कुछ ऐसी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं? अभी किसी ने यह कह दिया कि इस समिति में दलित वर्ग का कोई प्रतिनिधि नहीं है. जाहिर सी बात है कल को मुसलमानों के कथित शुभचिंतक भी कुछ ऐसी मांग करने लगेंगे. मैंने कथित शुभचिंतक शब्द इस लिए प्रयोग किया की मेरे विचार से कुछ ऐसी मांग करने वाले वोट बैंक के चिन्तक तो हो सकते है लेकिन समाज,समुदाय और देश के शुभचिंतक कभी नहीं हो सकते. मै इन महोदया से पूछना चाहूँगा की यदि इन्हें  समिति के सदस्य के चयन का मौक़ा दिया जाय और फिर हिन्दू,मुसलमान,सिख,इसाई,जैन,बौद्ध इत्यादि सभी वर्गों के लोगों को शामिल करने की बात की जाय तो ये क्या करेंगी? जो तर्क ये दलित संप्रदाय के लिए दे रही हैं वो इनलोगों के लिए भी दिये जा सकते हैं. इन लोगों के बीच भी गरीब,भूखे,बेरोजगार और बीमार लोग हैं. ऐसे में उनका क्या होगा? क्षमता और आवश्यकता से परे आरक्षण के नाम पर ऐसा कुछ करना क्या देश के हित में होगा? आरक्षण एक बैसाखी की तरह है जो कि अच्छे भले लोगों की कमर तोड़कर उन्हें थमा दी जाती है. मजे की बात ये है कि लोग ऐसा कुछ होने के बावजूद खुश हैं और इसके लिए मरने मारने पर उतारू हैं. एक बात तो मेरी समझ से परे है कि अपने आप को दीन-हीन और कमजोर कहलवाकर ये लोग खुश कैसे हो लेते हैं?
बात यही ख़त्म नहीं होती मीडिया भी इसमें भरपूर सहयोग कर रही है. समाचारपत्रों में इन क्षुद्र राजनेताओं के उलजलूल  टिप्पड़ियों को जितनी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है उतनी प्रमुखता से प्रकाशित करने के लिए और भी बहुत सारे मुद्दे हैं. शांति भूषण की जमीन से सम्बंधित जिन बातों को लेकर पिछले दिनों सारे समाचार पत्र रंगे रहे क्या इस तरह की कुछ बातें हमारे राजनेताओं के संबध में प्रकाश में नहीं आती यदि हाँ तो फिर उन्हें भी इतनी ही प्रमुखता से प्रकाशित करना चाहिए. भ्रष्टाचार को लेकर यदि ये लोग इतने ही सजग है तो फिर क्या ये बताना चाहेंगे कि 
-महाराष्ट्र में जिस अधिकारी को भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने पर जिन्दा जला दिया गया उसे कहाँ तक न्याय मिल सका या फिर कबतक न्याय मिलेगा?
-बिहार के एक ईमानदार इंजीनियर  सत्येन्द्र दुबे हत्याकांड से जुडी जांच पड़ताल में क्या प्रगति है?
-कृष्णैया हत्याकांड से जुड़े लोगों को कबतक दंड मिल सकेगा?
-देश और समाज को बाँटने वाले जो बयान आये दीन दिए जा रहे हैं उनकी खुली आलोचना क्यों नहीं की जा रही?
-समिति के सदस्यों के बारे में जो लोग नित नये आरोप लगा रहे हैं उनके बारे में भी ऐसी बहुत सारी बातें संज्ञान में होंगी फिर उन्हें भी साथ में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाय?
बातें और भी बहुत सारी हैं. मुझे बस इतनी सी बात कहनी है कि मीडिया भाड़े के टट्टुओं का सा वर्ताव छोड़कर निष्पक्ष बने,परिस्थितियों और आवश्यकताओं को समझे,देश और समाज को आगे बढ़ाने और समृद्ध करने वाले मुद्दे प्रकाश में आये साथ ही इसके विरोधियों की खुली आलोचना हो. 
आज के लिए बस इतना ही....
धन्यवाद"

Sunday, April 10, 2011

"तुम्हारा इन्तजार रहेगा..


जन लोकपाल विधेयक और लोकपाल विधेयक को लेकर काफी हो हल्ला हो चुका अबतक. दोनों विधेयकों के प्रावधानों को पढने के बाद यह बात तो साफ़ है कि अन्ना हजारे समर्थित जन लोकपाल विधेयक जनता के उम्मीदों पर कहीं ज्यादा खरा उतरती है,लेकिन एक बात मुझे समझ में नहीं आती की जनसेवा के इन ठेकेदारों को यह बात इतनी देर से क्यों समझ में आई? और फिर इतना सब कुछ होने के बावजूद यक्ष प्रश्न यह है की क्या यह विधेयक हमारे उम्मीदों पर खरा उतर पायेगा????????????
एक सार्थक उत्तर की चाहत मै भी रखता हूँ.मुझे भी ख़ुशी है कि एक जन आन्दोलन सफल रहा और सरकार को जनता के सामने झुकना पड़ा. मुझे ख़ुशी है कि पिछले ४० सालों से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहने वाले अन्ना हजारे को पहली बार इतनी बड़ी सफलता मिली जिसके वे हकदार थे,ठीक वैसे ही जैसे पिछले २१ सालों से क्रिकेट साधना में लगे सचिन तेंदुलकर को वर्ल्ड कप. ख़ुशी इस बात की भी है कि  यह आन्दोलन इतना व्यापक रूप ले सका. लेकिन!!!!!!!!!!!!!!!!!
अनसन ख़त्म होने के एक दिन बाद ही समिति के सदस्यों को लेकर अपनों द्वारा हीं टांग खिंचाई शुरू हो गई है,  कल तक जिस विधेयक को लेकर सरकार हाँ ना की स्थिति में थी आज उसके समर्थन में है और सारी मांगे मानने को कैसे तैयार है! इस आन्दोलन को जितने लोगों का समर्थन मिला वे खुद को भ्रष्टाचार से कितना अलग पाते हैं,कही यह जय प्रकाश नारायण के उस सफल आन्दोलन की तरह तो नहीं जो की अपनों की वजह से ही विरोधी को और मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया, कैंडल मार्च,धरना प्रदर्शन,आमरण अनशन इत्यादि कही फैशन का रूप ना ले लें आदि कुछ ऐसे सवाल है जिनको लेकर मन में संशय की स्थिति है. फिर भी एक भ्रष्टाचार मुक्त और उज्जवल कल तुम्हारा इन्तजार रहेगा.....

Tuesday, March 22, 2011

"ये रंग तुम्हारे याद रहेंगे"

आज सबसे पहले तो समस्त ब्लॉगर बन्धुवों को होली की ढेर सारी शुभकामनायें. इंटरनेट के ठीक ढंग से काम न करने की वजह से बधाइयाँ समय पर नहीं प्रेषित कर सका. वैसे हमारे यहाँ तो होली मिलन और बधाइयों का सिलसिला तो होली के बाद भी कई दिनों तक चलते रहता है, अगर आप में से किसी के वहाँ ऐसा न होता हो तो फिर समय से ऐसा न कर पाने के लिए क्षमा प्रार्थी हूँ.
पिछले दिनों एक कार्यक्रम के भाग दौड़ के बीच एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया. लभग १० दिन तक बिस्तर की सेवा लेने के बाद अब रिकवरी का समय चल रहा है. चोट की जगह पर रंग गुलाल इत्यादी की वजह से संक्रमण को देखते हुए डाक्टर ने होली के हुडदंग से दुर रहने की नशीहत दे दी,और फिर इस प्रकार इस बार होली की छुट्टियों में घर जाने के विचार को बदलना पड़ा. सबसे बड़ी बात तो ये थी की वहाँ किसको-किसको रंग गुलाल के लिए मना करते रहेंगे और फिर कैसे हुआ? क्या हुआ? कब हुआ? इत्यादी प्रश्नों को सोचकर होली से दुरी कर लेना ही श्रेयस्कर समझा. हालाँकि यह निर्णय इतना आसन भी नहीं था......
होली छुट्टी के पूर्व संध्या पर होली के हुडदंग से संबंधित योजना बनाई जा रही है,रंग गुलाल इत्यादि की व्यवस्था की जा रही है. यहाँ तक की इन दो दिन की छुट्टियों में घर पे क्या कुछ करना है सब कुछ अभी से तय किया जा रहा है. मै कल को सोच रहा हूँ! जब सब चले जायंगे तो फिर क्या करेंगे? कैसे रहेंगे? लैपटॉप पे फिल्मों की लिस्ट देखता हूँ! ये भी तो इतनी नहीं की समय अच्छे से कट जाये और फिर ये तो मुझे ज्यादा देर तक बांधे भी नहीं रख सकतीं. छुट्टियों में नेट भी नहीं आएगा अतः ब्लॉगिंग भी संभव नहीं है. सब कुछ सोचकर अगले दिन होने वाले पेपर के लिए तैयारी पे ध्यान केन्द्रित करता हूँ.
पेपर देकर लौट आया हूँ. चारो तरफ घर जाने की या फिर उसके लिए तैयारी को लेकर भाग दौड़ मची है. दुआएं लेने देने का कार्यक्रम चल रहा है. बालकनी से बहार नजर दौड़ता हूँ,यहाँ तो रंग गुलाल के साथ होली का हुडदंग भी चल रहा है. पिछले साल तो मै भी इस हुडदंग में सामिल था,खैर कोई बात नहीं,,,,,,,
-कुछ लोगों को घर ले जाने के लिए हाल ही में ख़त्म हुए फेस्ट की ड़ी.वी.डी बना कर देनी है, लैपटॉप निकल कर उसे तैयार करने में लग जाता हूँ...
हुडदंग अब कम हो गई है,अधिकतर लोग जा चुके हैं. मै भी यह मान बैठा हूँ कि इस बार रंग गुलाल का संपर्क भी नहीं होने पायेगा.फोन की घंटी बजती है.....
-नीचे आओ घर जा रहे कम से कम हाथ तो मिला ही सकते हैं ?
-हाँ क्यों नहीं ? (अच्छा है जो कोई घर जाते समय हाथ मिलाकर बधाई देना चाहता है वर्ना कुछ लोगों ने तो घर न जाने की वजह  पुछने की जहमत भी नहीं उठाई)
-एक चीर-परिचित और सरल मुस्कान....
मै भी बिना कुछ सोचे समझे हाथ बढ़ा देता हूँ, तलहथियों के बिच कुछ ठंढ का सा आभास होता है. पूरा हाथ रंग चूका है,हम दोनों मुस्करा रहे हैं....
तुम्हारी मुस्कान सबकुछ बयां कर रही है.तुम्हे पता है कि चेहरे के नए भरे घावों पर इन्फेक्सन का खतरा है पर हाथों पर तो ऐसा कुछ नहीं? तुम खुश हो रंग लगाकर और मई खुश हूँ रंगकर. चलते चलते बस इतना ही कह पाता हूँ कि
-इस होली के लिए बस इतना ही (छात्रावास कि सीढियाँ चढ़ते-चढ़ते सोंचता हूँ.......)

होली तो आती रहेगी हर साल
मिलते रहेंगे न जाने कितने लोग
और बिछड़ते भी रहेंगे
जैसे तुम भी तो.....
परन्तु जब भी होली कि चर्चा होगी
जब भी मुझपर रंग वर्षा होगी
क्या मै भूल सकूँगा इस होली को?
इस होली के लिए तो जो था
बस इतना सा था....
होली के दिन रतन,राकेश और धर्मेश के साथ जो मस्तियाँ की उसकी फोटोग्राफ्स भी पोस्ट कर रहा हूँ परन्तु रंग के नाम पर तो बस उतना सा था. वैसे मै तो बता गया कैसी रही मेरी होली और आपकी????????????


                                                     (दुर्घटने की खबर तो इन्होने भी ली)


                                           (कार्यक्रम के सफलता के साथ दुर्घटना का दर्द जाता रहा)


View Holi Tour



  

Sunday, March 13, 2011

Techno Cultural Fest-2011

Tech Fest से जुडी फोटोग्राफ्स पोस्ट कर रहा हूँ. हालाँकि Videos पोस्ट कर पाना अब भी संभव नहीं हो पा रहा है,समयानुसार  उसे  भी  पोस्ट  करने का प्रयास करूँगा.